संसाधन, सत्ता और वैश्विक हस्तक्षेप: बदलती विश्व राजनीति का अगला अध्याय

समकालीन वैश्विक राजनीति को यदि किसी एक सूत्र में बाँधा जाए, तो वह है—संसाधनों पर नियंत्रण । लोकतंत्र, मानवाधिकार और अंतरराष्ट्रीय कानून अब केवल भाषणों की शोभा बनकर रह गए हैं; वास्तविक युद्ध आज मिनरल्स, ऊर्जा और रणनीतिक भूभाग के लिए लड़े जा रहे हैं । वेनेज़ुएला के घटनाक्रम के बाद यह स्पष्ट होता जा रहा है कि अमेरिकी रणनीति का अगला चरण ग्रीनलैंड, ईरान और संसाधन-समृद्ध अफ्रीकी देशों की ओर केंद्रित होगा ।

ग्रीनलैंड
ग्रीनलैंड Iron समय तक वैश्विक राजनीति के हाशिए पर रहा, किंतु जलवायु परिवर्तन ने उसकी भौगोलिक नियति बदल दी है । बर्फ के पिघलने के साथ ही वहाँ रेयर अर्थ मिनरल्स, लिथियम, कोबाल्ट, यूरेनियम और निकल जैसे संसाधनों तक पहुँच संभव हो रही है। ये वही खनिज हैं जिन पर आधुनिक सभ्यता की रीढ़—इलेक्ट्रिक वाहन, सेमीकंडक्टर, मिसाइल सिस्टम और नवीकरणीय ऊर्जा—निर्भर करती है ।

आज स्थिति यह है कि दुनिया के लगभग 70 प्रतिशत रेयर अर्थ मिनरल्स की प्रोसेसिंग चीन के नियंत्रण में है । अमेरिका के लिए यह केवल आर्थिक चुनौती नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा का प्रश्न है । इसी संदर्भ में ट्रम्प द्वारा ग्रीनलैंड को “खरीदने” का प्रस्ताव कोई सनक नहीं, बल्कि आर्थिक साम्राज्यवाद की स्पष्ट अभिव्यक्ति था। ग्रीनलैंड पर नियंत्रण का अर्थ है—भविष्य की तकनीक पर निर्णायक पकड़ ।

ईरान: 
ईरान मध्य-पूर्व में केवल एक राष्ट्र नहीं, बल्कि क्षेत्रीय शक्ति संतुलन का केंद्र है। वहाँ चल रहे विरोध प्रदर्शन, सर्वोच्च नेतृत्व की बढ़ती उम्र और भरोसेमंद सलाहकारों की कमी, बाहरी शक्तियों के लिए अवसर की तरह देखी जा रही है। इतिहास गवाह है कि जब भी किसी देश के भीतर असंतोष और बाहर से दबाव एक साथ बढ़ता है, तो सत्ता परिवर्तन की ज़मीन तैयार होती है।

ईरान का परमाणु कार्यक्रम इस पूरे परिदृश्य का सबसे संवेदनशील पहलू है। यदि ईरान पूर्ण रूप से यूरेनियम एनरिचमेंट की सैन्य क्षमता हासिल कर लेता है, तो मिडिल ईस्ट का शक्ति संतुलन पूरी तरह बदल जाएगा । इज़रायल के लिए यह स्थिति ‘करो या मरो’ जैसी है, क्योंकि उसकी सामरिक बढ़त सीधे चुनौती में पड़ जाएगी । यही कारण है कि ईरान में अस्थिरता केवल आंतरिक संकट नहीं, बल्कि वैश्विक रणनीतिक संघर्ष का हिस्सा बन चुकी है ।

अफ्रीका: 
अफ्रीका आने वाले दशकों में वैश्विक राजनीति का सबसे बड़ा रणक्षेत्र बन सकता है । कांगो, माली, नाइजर, जाम्बिया और दक्षिणी अफ्रीका जैसे देशों में कोबाल्ट, लिथियम, सोना और रेयर अर्थ मिनरल्स के विशाल भंडार हैं । चीन ने पिछले दो दशकों में अफ्रीका में सड़कों, बंदरगाहों और खदानों में अरबों डॉलर का निवेश किया है ।

यह निवेश पश्चिमी शक्तियों को असहज करता है । इतिहास बताता है कि जहाँ-जहाँ संसाधन हैं और चीन की मौजूदगी बढ़ी है, वहाँ राजनीतिक अस्थिरता, तख्तापलट और सत्ता परिवर्तन की संभावनाएँ भी बढ़ी हैं । अफ्रीका में उभरता सत्ता-परिवर्तन का दौर इसी बड़े भू-राजनीतिक संघर्ष का संकेत है ।

आज की विश्व राजनीति किसी नैतिक संघर्ष की कहानी नहीं, बल्कि संसाधनों पर नियंत्रण की नंगी होड़ है । ग्रीनलैंड की बर्फ, ईरान का यूरेनियम और अफ्रीका की खदानें—तीनों मिलकर आने वाले वर्षों की वैश्विक दिशा तय करेंगी । सवाल यह नहीं है कि हस्तक्षेप होगा या नहीं, सवाल यह है कि कहाँ और किस कीमत पर ।

यह नया विश्व क्रम राष्ट्रों की संप्रभुता से नहीं, बल्कि शक्तिशाली देशों की ज़रूरतों से तय हो रहा है—और यही हमारी सदी की सबसे बड़ी त्रासदी भी है।



टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

डाॅक्टर भारत के ,अस्पताल विदेशों के -: Top -50 में भारत शामिल नहीं

भारत में हेल्थ इंश्योरेंस: सुरक्षा कवच या छलावा?

शक्सगाम घाटी : भारत - चीन आमने-सामने