ग्रीनलैंड और अमेरिका: आर्कटिक भू-राजनीति का अनिवार्य भविष्य

आर्कटिक भू-राजनीति का अनिवार्य भविष्य अमेरिका द्वारा ग्रीनलैंड पर आधिपत्य स्थापित करना या वहाँ जनमत-संग्रह (रेफरेंडम) के माध्यम से उसे अपने प्रभाव क्षेत्र में लाना कोई असामान्य या अव्यावहारिक घटना नहीं होगी । इतिहास गवाह है कि संयुक्त राज्य अमेरिका एक “स्थिर भौगोलिक इकाई” नहीं बल्कि विस्तारशील राज्यों का संघ रहा है ।

 वर्ष 1803 में फ्रांस से लुइजियाना की खरीद (लगभग 15 मिलियन डॉलर में) और 1867 में रूस से अलास्का की खरीद (7.2 मिलियन डॉलर में) आज अमेरिकी शक्ति-निर्माण के सबसे सफल निर्णय माने जाते हैं ।।

अलास्का का उदाहरण विशेष रूप से प्रासंगिक है । कभी “सेवार्ड्स फॉली” कहे जाने वाला अलास्का आज अमेरिका के लिए रणनीतिक, सैन्य और ऊर्जा सुरक्षा का स्तंभ है । यह रूस से मात्र 85 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, जहाँ से अमेरिका न केवल रूस पर निगरानी रखता है बल्कि आर्कटिक क्षेत्र में अपनी सैन्य उपस्थिति भी सुनिश्चित करता है । अलास्का में मौजूद मिसाइल डिफेंस सिस्टम, एयरबेस और रडार नेटवर्क अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा का अभिन्न हिस्सा हैं ।

इसी संदर्भ में ग्रीनलैंड का महत्व और भी बढ़ जाता है । ग्रीनलैंड भौगोलिक रूप से आर्कटिक महासागर के केंद्र में स्थित है और नॉर्थ अटलांटिक तथा आर्कटिक शिपिंग रूट्स पर नियंत्रण की कुंजी है।जलवायु परिवर्तन के कारण आर्कटिक बर्फ तेजी से पिघल रही है, जिससे नॉर्दर्न सी रूट और ट्रांस-आर्कटिक शिपिंग जैसे नए समुद्री मार्ग खुल रहे हैं। अनुमान है कि 2035 तक एशिया–यूरोप व्यापार का एक बड़ा हिस्सा इन्हीं मार्गों से होगा, जो पारंपरिक स्वेज रूट की तुलना में 30–40% कम दूरी तय कराते हैं ।

ग्रीनलैंड में पहले से ही अमेरिका का थुले एयर बेस (Pituffik Space Base) मौजूद है, जो मिसाइल चेतावनी प्रणाली और अंतरिक्ष निगरानी में अहम भूमिका निभाता है । इसके अतिरिक्त, ग्रीनलैंड दुर्लभ खनिजों (Rare Earth Elements), यूरेनियम और संभावित तेल-गैस भंडार से भरपूर है—जो भविष्य की तकनीकी और सैन्य अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक हैं ।

ऐसे में ग्रीनलैंड पर प्रभाव स्थापित करना केवल अमेरिकी विस्तारवाद नहीं, बल्कि रणनीतिक अनिवार्यता बनता जा रहा है । रूस और चीन दोनों आर्कटिक क्षेत्र में आक्रामक रूप से निवेश और सैन्य उपस्थिति बढ़ा रहे हैं । इस शक्ति-संतुलन में अमेरिका के लिए ग्रीनलैंड को नज़रअंदाज़ करना दीर्घकालिक रणनीतिक भूल होगी ।।

अतः यह कहना अतिशयोक्ति नहीं कि ग्रीनलैंड पर नियंत्रण अमेरिका के लिए “अगर” नहीं बल्कि “कब” का प्रश्न है—और यह कदम आने वाले दशकों की वैश्विक राजनीति की दिशा तय करेगा ।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

डाॅक्टर भारत के ,अस्पताल विदेशों के -: Top -50 में भारत शामिल नहीं

भारत में हेल्थ इंश्योरेंस: सुरक्षा कवच या छलावा?

शक्सगाम घाटी : भारत - चीन आमने-सामने